देहरादून- सूबे का शहरी विकास मंत्रालय की हसरत है कि राज्य में मौजूद नगर निगम, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों का दायरा बढ़ जाए और कुछ गांव नगर में समाहित हो जाएं। इसके प्रस्ताव को टीएसआर कैबिनेट पास कर चुकी है। लेकिन कैबिनेट के इस निर्णय से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह खफा हैं।
कांग्रेस मुख्यालय में पीसीसी चीफ प्रीतम सिंह ने प्रेस वार्ता कर नगर निकाय के सीमा विस्तार की सरकारी निर्णय पर कई सवाल उठाए। प्रीतम ने सूबे की सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि कैबिनेट ने इतना बड़ा फैसला लिया लेकिन सूबे के किसी भी नगर निगम और नगर निकायों से कोई बात चीत नहीं की।
प्रीतम ने कहा कि गांवों को नगरों में मर्ज करने से गांवों के साथ अन्याय होगा। सरकार को पहले सीमा विस्तार के सभी जरूरी पहलूओं पर मंथन करते हुए जन सहमति से ही निर्णय लेना चाहिए था। लेकिन सरकार के सामने जनभवानाओं का कोई मोल नहीं है।