देहरादून: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सोमवार देहरादून में चारधाम ऑल वेदर रोड की प्रगति और राष्ट्रीय राजमार्गों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद वे नमामि गंगे परियोजना के संबंध में भी बैठक लेंगे।
केंद्रीय मंत्री गडकरी सोमवार को देहरादून पहुंच रहे हैं। वे एक होटल में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ केंद्र की महत्वाकांक्षी परियोजना चारधाम ऑल वेदर रोड की प्रगति की जानकारी लेंगे।
योजना को पूरा करने का लक्ष्य मार्च 2019
गौरतलब है कि केंद्र ने इस योजना को पूरा करने का लक्ष्य मार्च 2019 रखा है। प्रदेश में इस दिशा में काम भी शुरू हो गया है। इसके अलावा वे नमामि गंगा परियोजना के तहत अभी तक हुए कार्यों और इनमें आ रही दिक्कतों को लेकर भी विभागीय समीक्षा करेंगे। उनके साथ केंद्रीय मंत्रालय के अधिकारी भी देहरादून पहुंचेंगे।
अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव एक मार्च से
प्रदेश सरकार एक मार्च से लेकर सात मार्च तक अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन कर रही है। इसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध बीटल्स ग्रुप के ऋषिकेश स्थित महर्षि योगी के चौरासी कुटीर आश्रम आने के 50 वर्ष पूर्ण होने पर एक कार्यक्रम भी किया जाना प्रस्तावित है। इस संबंध में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज व वन मंत्री हरक सिंह सिंह रावत सोमवार को विस्तृत जानकारी देंगे।