लंबे इंतजार के बाद आखिरकार दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की शादी की खास तस्वीरें सामने आ गई हैं। शादी की इन तस्वीरों में दोनों ही काफी खुश और खूबसूरत नजर आ रहे हैं। दीपिका और रणवीर ने इटली में 14 और 15 नवंबर को पहले कोंकणी और फिर सिंधी रिवाज से शादी की है। फैन्स दो दिन से इनकी तस्वीरों का इंतजार कर रहे थे।
गुरुवार शाम रणवीर सिंह और दीपिका ने अपने-अपने ट्विटर अकाउंट पर दोनों ही शादी की एक-एक तस्वीर शेयर की। लाल जोड़े में दीपिका काफी खूबसूरत दिखाई दे रही हैं। सिंधी शादी में दीपिका भारी जूलरी और ओढनी के साथ नजर आईं। दुल्हन बनीं दीपिका पर हर किसी की नजरें थम गईं।
करीब से देखने पर दीपिका की चुनरी खूबसूरत होने के साथ ही खास भी दिखाई देगी। दीपिका की शादी की चुनरी पर ‘सदा सौभाग्यवती भव’ लिखा नजर आ रहा है।
सबसे पहले रणवीर सिंह ने शादी की तस्वीरे शेयर की थीं जिसका फैन्स बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। बता दें कि दीपिका और रणवीर ने इटली के लेक कोमो में शादी की रस्में पूरी कीं। भारत आने के बाद दोनों अपने चाहने वालों के लिए दो ग्रैंड रिसेप्शन रखेंगे। एक रिसेप्शन बेंगलुरु में होगा और एक मुंबई में होगा।