दिल्ली के केशोपुर के एक बोरवेल में गिरे हुए व्यक्ति की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, 14 घंटे से अधिक चले रेस्कयू अभियान के बाद उसे बोरवेल से बाहर निकाल लिया गया था। इसके बाद उसे डीडीयू अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बता दें कि बोरवेल एक तालाबंद कमरे में था। प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा कि यहां जबरदस्ती ताला तोड़कर घुसने का प्रयास किया गया था।
बोरवेल में गिरे व्यक्ति की मौत की जानकारी देते हुए दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने बताया कि बहुत दुख के साथ यह खबर साक्षा कर रही हूं कि जो पुरुष बोरवेल में गिरे थे, उन्हें रेस्क्यू टीम ने मृत पाया। ईश्वर अपने श्री चरणों में उन्हें स्थान दे। प्रथम सूचना के मुताबिक़ मृत व्यक्ति 30 साल के आस पास की उम्र के पुरुष थे। वे बोरेवेल के कमरे में कैसे घुसे, बोरेवेल के अंदर कैसे गिरे – इसकी जांच पुलिस द्वारा की जाएगी।
घटना के बाद दिल्ली सरकार की जल मंत्री घटनास्थल पर पहुंची थीं। उन्होनें कहा कि घटना की जांच पुलिस को सौंप दी गई है। इसके साथ ही दिल्ली जल बोर्ड भी इसकी जांच करेगा। उन्होनें बताया कि दिल्ली में बंद पड़े सभी प्राइवेट- सरकारी बोरवेल को 48 घंटे के अंदर वेल्डिंग कर सील कर किया जाएगा।