Haridwarhighlight

नशे की ओवरडोज़ से युवक की मौत: सड़कों पर उतरी कांग्रेस, BJP विधायक के आवास का किया घेराव

धर्मनगरी हरिद्वार से एक सनसनीखेज और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। धर्मनगर क्षेत्र में नशे की ओवरडोज़ से एक युवक की मौत के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। इस घटना ने न केवल शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि हरिद्वार में फल-फूल रहे नशे के अवैध कारोबार को लेकर राजनीतिक संग्राम भी तेज कर दिया है।

कांग्रेस ने BJP विधायक पर बोला हमला

युवक की मौत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने हरिद्वार में शराब, नशीले इंजेक्शन और अन्य मादक पदार्थों के खुलेआम कारोबार का आरोप लगाते हुए सरकार और स्थानीय भाजपा विधायक मदन कौशिक पर सीधा हमला बोला। कांग्रेस का आरोप है कि क्षेत्र में नशे का नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय है और इसे राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते यह कारोबार बेखौफ चल रहा है।

मदन कौशिक के आवास का घेराव करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता

घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा विधायक मदन कौशिक के आवास का घेराव करने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान मौके पर तनाव की स्थिति बन गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह सिर्फ एक युवक की मौत नहीं है, बल्कि नशे के ज़रिये युवाओं को धीरे-धीरे खत्म करने की साजिश है, जिसे सरकार नजरअंदाज कर रही है।

कांग्रेस ने सवाल उठाया कि जब कई देशों में नशे की मामूली मात्रा पर भी कड़ी सजा का प्रावधान है, तो हरिद्वार जैसे धार्मिक और पर्यटन नगरी में नशे का कारोबार इतने खुलेआम कैसे फल-फूल रहा है। उन्होंने मांग की कि नशे के सौदागरों पर सख्त कार्रवाई की जाए और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाए।

युवक की मौत के कारण की जांच में जुटी पुलिस

वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि युवक की मौत के मामले में जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक नशे के कारोबार पर निर्णायक प्रहार नहीं किया जाएगा, तब तक ऐसी घटनाएं रुकने वाली नहीं हैं।

Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button