जयकारों के बीच खुले द्वितीय केदार मद्महेश्वर धाम के कपाट, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

पंच केदारों में द्वितीय केदार के रूप में विख्यात भगवान मद्महेश्वर मंदिर के कपाट आज श्रद्धा, आस्था और सनातन परंपराओं के बीच विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए हैं। कपाटोद्घाटन के पावन अवसर पर पूरा धाम “हर-हर महादेव” और भगवान मद्महेश्वर के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
जयकारों के बीच खुले द्वितीय केदार मद्महेश्वर धाम के कपाट
भगवान मद्महेश्वर की उत्सव डोली आज सुबह गौंडर गांव से पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों और भक्तिमय वातावरण के बीच धाम के लिए रवाना हुई। सुबह लगभग 10:45 बजे उत्सव डोली मद्महेश्वर धाम पहुंची। जहां मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण, विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ कपाट खोलने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
पहले दिन 1 हजार 135 श्रद्धालुओं ने किए भगवान मद्महेश्वर के दर्शन
मुख्य पुजारी शिव शंकर लिंग सहित वेदपाठियों ने पूजा संपन्न कराने के साथ ही लगभग 11 बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। इस दौरान उपस्थित लगभग 1,135 श्रद्धालुओं ने भगवान मद्महेश्वर के प्रथम दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया तथा देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।
प्राकृतिक सौंदर्य के लिए विशेष पहचान रखता है मद्महेश्वर धाम
हिमालय की गोद में स्थित मद्महेश्वर धाम अपनी दिव्यता, आध्यात्मिक आभा एवं प्राकृतिक सौंदर्य के लिए विशेष पहचान रखता है। कपाट खुलने के साथ ही अब यहां देश-विदेश से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला प्रारंभ हो गया है।