Dehradun News

16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम: राज्यपाल ने किया जिलाधिकारियों और ERO को सम्मानित

आज रविवार, 25 जनवरी 2026 को 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर लोक भवन देहरादून में राज्य स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जिलाधिकारियों और ERO को उनके सराहनीय काम के लिए सम्मानित किया।

16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम में पहुंचे राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह

 दरअसल 6वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को मतदाता शपथ भी दिलाई। उन्होंने निर्वाचन गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चम्पावत और बागेश्वर के जिलाधिकारियों को सम्मानित किया।

जिलाधिकारियों और ERO को किया सम्मानित

इसके साथ ही ईआरओ रुड़की, खटीमा और चकराता को प्री-एसआईआर के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने स्टेट आईकॉन पद्मश्री बसंती बिष्ट, ओलपिंयन मनीष रावत और नुंग्शी मलिक को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर देहरादून के 18 साल की उम्र पूरी कर चुके नए मतदाताओं को मतदाता पत्र देकर राज्यपाल ने सम्मानित किया।

“मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य”- राज्यपाल

राज्यपाल ने कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए सभी प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति सजग, जागरूक और सक्रिय नागरिक होते हैं। भारतीय संविधान ने प्रत्येक नागरिक को मताधिकार देकर लोकतंत्र को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी है। मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक और संवैधानिक कर्तव्य है।

मत का प्रयोग कर लोकतंत्र को सशक्त बनाए

राज्यपाल ने सभी से आह्वाहन किया कि प्रत्येक निर्वाचन में अनिवार्य रूप से अपने मत का प्रयोग करें और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि जब हर नागरिक मतदान करता है, तब भारत का लोकतंत्र और अधिक मजबूत बनता है।

इस साल की थीम- ”मेरा भारत-मेरा वोट”

राज्यपाल ने कहा कि इस साल की थीम ”मेरा भारत-मेरा वोट” ये संदेश देती है कि प्रत्येक वोट देश के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जब कोई नागरिक मतदान करता है, तो वो केवल अपने लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए निर्णय करता है। उन्होंने ये भी कहा लोकतंत्र की मजबूती नीतियों या संस्थाओं से नहीं, बल्कि नागरिकों की जागरूक भागीदारी से सुनिश्चित होती है।

भारत निर्वाचन आयोग की कि सराहना

 राज्यपाल ने भारत निर्वाचन आयोग की सराहना करते हुए कहा कि आयोग पिछले सात दशकों से निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी चुनावों का सफलतापूर्वक संचालन कर रहा है। उन्होंने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षाबलों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए बधाई दी।

युवाओं और नए मतदाताओं को कहा देश की बड़ी पूंजी

युवाओं और नए मतदाताओं को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने युवाओं से मतदान को केवल औपचारिकता न मानकर देश के भविष्य के निर्माण का माध्यम बनाने का आह्वान किया।

उत्तराखण्ड की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद मतदान प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए राज्य की निर्वाचन मशीनरी, बीएलओ और पोलिंग पार्टियों के प्रयासों की राज्यपाल ने सराहना की।

इन्हें किया गया स्टेट अवार्ड सम्मानित-

  • प्रतीक जैन, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग
  • प्रशांत आर्य, जिलाधिकारी उत्तरकाशी
  • मनीष कुमार, जिलाधिकारी चम्पावत
  • आकांक्षा कोंडे, जिलाधिकारी बागेश्वर
  • दीपक रामचंद्र, संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़ीकी
  • तुषार सैनी, उप जिलाधिकारी खटीमा
  • प्रेम लाल, उपजिलाधिकारी चकराता

Uma Kothari

उत्तराखंड की डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय उमा कोठारी खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) में बतौर पत्रकार कार्यरत हैं। वे राजनीति, मनोरंजन, खेल और ट्रेंडिंग विषयों पर गहन और तथ्यपरक खबरें लिखती हैं। उत्तराखंड के स्थानीय और राष्ट्रीय मुद्दों पर इनकी पकड़ मजबूत है। डिजिटल मीडिया में इनका अनुभव पाठकों को सटीक, संतुलित और समय पर जानकारी देने में सहायक है। उत्तराखंड | खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें