लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा में जहां सीट की दावेदारी को लेकर घमासान मचा हुआ है तो वहीं लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा की एक और दावेदार सामने आ गई है। जी हां राज्यमंत्री रेखा आर्य ने अल्मोड़ा सीट से अपनी दावेदारी पेश कर दी है। गुरुवार को किसान भवन में हुए एक कार्यक्रम में रेखा ने कहा कि आलाकमान के सामने अपनी बात रख दी है। उन्होंने कहा कि पार्टी चाहेगी तो वे जरूरी लड़ेंगी। पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे 2014 में भी अल्मोड़ा से लोकसभा चुनाव की तैयारी कर चुकी हैं। अब भी वे क्षेत्र में एक कार्यकर्ता और मंत्री के तौर पर सक्रिय हैं। ऐसे में अगर पार्टी उन्हें टिकट देती है तो वे चुनाव जरूर लड़ेंगी।
रेखा आर्य ने आगे कहा कि प्रदेश सरकार पशु कल्याण को लेकर तमाम काम कर रही है। कई कांजी हाउस बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा पशु सदनों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
राजाजी पार्क में हाथी से क्रूरता के मामले में केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी का मिला पत्र
आर्य ने कहा कि राजाजी पार्क में हाथी से क्रूरता के मामले में केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी का पत्र मिला है। इसमें कहा गया है कि वहां पशुपालन विभाग की वैटेनरी डॉक्टर अदिति शर्मा के खिलाफ जांच की जाए और उनकी प्रतिनियुक्ति समाप्त की जाए। इस मामले में कार्रवाई के लिए पशुपालन सचिव को निर्देश दिए गए हैं।