नैनीताल : उत्तराखंड में एक बार फिर बारिश औऱ आकाशीय बिजली ने अपना कहर बरपाया. आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई जिससे उनके परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी मिली है कि दोनों मृतक सगी चाची-भतीजी थे। घटना के बाद पीड़ित परिवारों के घरों में कोहराम मच गया है तथा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार हवालबाग विकासखंड के दौलाघाट के ग्राम चौना में गुरुवार शाम महिलाएं खेतों में काम करने गई हुई थी। करीब साढ़े चार बजे गांव की मुन्नी देवी (45) पत्नी नारायण राम, सपना (21) पुत्री हरीश राम खेत में काम कर रहे थे। तेज बारिश के चलते दोनों पास में एक पेड़ के नीचे बैठ गए। अचानक आसमान में जोरदार बिजली कड़की। 50 मीटर दूर बिजली की हाइटेंशन लाइन में आकाशीय बिजली गिरी। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मुन्नी देवी और सपना खेत में बुरी तरह झुलस गईं। घटना के कुछ समय बाद खेतों में पहुंची अन्य ग्रामीण महिलाओं ने दोनों को खेत में बेसुध पड़ा देखा। जिसके बाद अन्य ग्रामीणों को सूचना दी गई। इसके बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर प्रशासन को घटना की जानकारी दी। घटना के बाद दोनों को उपचार के लिए बेस अस्पताल अल्मोड़ा लाया गया। यहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
वहीं राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा ने भी बेस अस्पताल में पहुंचकर घटना की जानकारी ली तथा मृतकों के परिजनों सो सांत्वना दी।