डेस्क- उत्तराखंड की बेटी हों या बेटे सब देश का दिल जीत रहे हैं। अब राज्य की बेटी और लेफ्टिनेंट कमांडर वर्तिका जोशी ने उत्तराखंड नाम रोशन किया है। मूल रुप से पौड़ी जिले के स्यालेखत गांव की और मौजूदा समय में ऋषिकेश निवासी वर्तिका को नौसेना ने अपने उस अभियान की कमान सौंपी है जो नाव के जरिए पूरी दुनिया का चक्कर लगाएगा।
नौसेना की महिला अधिकारियों का दल आने वाले जुलाई माह में ‘सागर परिक्रमा’ के तहत समुद्री अभियान पर निकलेगा। इस अभियान की कमान वर्तिका जोशी को सौंपी गई है। नौसेना की छह महिला अधिकारियों का दल आईएनएसवी ‘तारिणी’ नौका में सवार होकर बिना रुके गोवा से समुद्री रास्ते होते हुए पूरी दुनिया की परिक्रमा करेगा।
गौरतलब है कि इससे पहले भी वर्तिका जोशी पाल नौका ‘म्हदेई’ से सागर परिक्रमा कर चुकी हैं। जबकि 2015 की गणतंत्र दिवस परेड में नारी शक्ति का प्रदर्शन करती झांकी में भी वर्तिका जोशी शामिल रहीं थीं।
मूल रूप से धुमाकोट के स्यालेखत गांव और मौजूदा समय में ऋषिकेश निवासी वर्तिका की शुरुआती पढ़ाई श्रीनगर में हुई। इसके बाद उन्होंने एमिटी विवि और फिर आईआईटी दिल्ली से इंजीनिर्यंरग की शिक्षा हासिल की। वर्तिका के पिता पीके जोशी गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर में प्रोफेसर हैं। जबकि उनकी माता ऋषिकेश महाविद्यालय में प्रोफेसर हैं।