ऋषिकेश: ऋषिकेश का प्रसिद्ध लक्ष्मण झूला पुल कल रात को पूरी तरह बंद कर दिया गया। वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने के कारण अब आवागमन का दबाव पूरी तरह रामझूला पर आ गया है। राम झूला की हालत भी बेहद खराब बताई गई है। ऐसे में जल्द ही इस पुल पर भी संकट आ सकता है। अगर जल्द ही राम झूला पुल पर दुपहिया वाहनों का आना-जान बंद नहीं किया गया तो, इस पुल का हाल भी लक्ष्मण झूला पुल जैसा ही हो सकता है।
लक्ष्मण झूला पुल पर हर दिन करीब 20 हजार लोगों का आवागमन होता था। पुल पर आनेजाने पर रोक लगने के बाद भी लोग इस पुल पर जा रहे थे। लेकिन, अब पुल पूरी तरह बंद हो गया है। पुल के दोनों छोरों पर टीन की चादर लगा दी गई हैं। लोग अब इस पर कभी नहीं जा सकेंगे।
ऐसे में रामझूला पर जो पहले से ही दबाव था। उसमें और बढ़ोत्तरी हो गई है। लक्ष्मण झूला से आनेजाने वाले सभी लोग अब राम झूला पुल से आ-जा रहे हैं। जिससे इस पुल को भी खतरा हो गया है। बावजूद इसके पुल पर दुपहिया वाहनों का आवागमन भी जारी है। पुल को लेकर भी एक रिपोर्ट सामने आई थी कि इसकी हालत भी जर्जर है।