पिथौरागढ़: कल यानि 21 अक्टूबर को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना होगी। परिणाम भी कल ही घोषित किये जाएंगे। परिणाम आने से पहले ही ब्लाक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीतने के लिए संभावित उम्मीदवार संभावित जिताऊ उम्मीदवरों को अपने पक्ष में करने में जुटे हैं। पिथौरागढ़ में एक क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रत्याशी के गायब होने के बाद हड़कंप मच गया।
दरअसल, मूनाकोट विकासखंड के सिलौनी क्षेत्र पंचायत सदस्य की महिला प्रत्याशी पूजा देवी, पति मुन्ना राम के और दो बच्चों समेत लापता होने की खबर से हड़कंप मच गया। प्रत्याशी पूजा के जेठ जगदीश ने आज पुलिस अधीक्षक को इस मामले में तहरीर सौंपी। जगदीश ने बताया कि वह पहले चरण पांच अक्टूबर को मतदान करने के बाद घर लौट रहे थे। और तब से लापता हैं।
जगदीश ने तीन लोगों पर अपहरण करने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया है। पुलिस लापता प्रत्याशी सहित अन्य सदस्यों की लोकेशन ट्रेस करने में जुट गई। इस बीच पिथौरागढ़ पुलिस अधीक्षक रामचंद्र राजगुरु ने बताया कि लापता क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रत्याशी पूजा और उसके पति से फोन पर बात हुई है। उन्होंने फोन पर खटीमा में होने की बात कही है। महिला के पति के अनुसार परिवार बच्चे के इलाज के लिए गया है और किसी परिचित के घर रुका हुआ है।