पिथौरागढ़। विधायक बिशन सिंह चुफाल के आवास पर पथराव करने वाले दो युवक पकड़े गए है। रोचक बात यह रही कि पूछताछ में दोनों युवकों ने बताया कि विधायक के बारे में नहीं जानते थे। जानकारी के अनुसार, बीते 6 नवम्बर को पिथौरागढ़ जनपद में डीडीहाट के विधायक बिशन सिंह चुफाल अपने पिथौरागढ़ स्थित जाखनी आवास पर पहुंचे तो उनके घर से मात्र कुछ मीटर ऊपर से पथराव होने लगा था। पथराव से उनके आसपास के मकानों की खिड़कियों के शीशे भी चटके। दूसरे दिन इस मामले को लेकर भाजपा सडको पर उतरी। जिले भर में भाजपा इसे लेकर प्रदर्शनकर रही थी। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों गुंजन सिंह निवासी जगतड़ भुरमुनि और पवन कुमार निवासी जाखनी को पकड़ा है। युवकों ने बताया कि 6 नवम्बर की रात्रि को वे पैदल अपने घरो को जा रहे थे। उसी समय विधायक का वाहन गुजरा उन्होंने वाहन रोका। वाहन नहीं रुका। विधायक का वाहन जब उनके आवास के निकट रुका और वह उतर कर अपने घर को जाने लगे इसी बीच वाहन नहीं रोकने से नाराज युवक आवास से चन्द मीटर ऊपर से गुजरने वाली सड़क पर जाकर उनके आवास पर पथराव करने लगे थे।