हरिद्वार: बसपा नेता चैधरी राजेंद्र सिंह ने कहा कि पंचायत में उपचुनाव कराने और जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर काबिज होने का भाजपा का सपना कभी पूरा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हरिद्वार जिला पंचायत अध्यक्ष को बर्खास्त करने की कार्रवाई को भाजपा की तानाशाही और दमनकारी नीति बताया।
शासन ने 16 अक्तूबर 2019 को जिला पंचायत अध्यक्ष सविता चैधरी को अनियमितताओं के आरोप में बर्खास्त कर दिया था। जिसके बाद अब प्रदेश सरकार की ओर से उपचुनाव कराने की तैयारी की जा रही है। इसे लेकर बसपा नेता चैधरी राजेंद्र सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि शासन ने जिन दो बिंदुओं पर सविता चैधरी को दोषी सिद्ध किया है। उसे पूर्व में शासन ने ही रद्द कर दिया था।
इसी मामले में हाईकोर्ट ने सविता चैधरी के वित्तीय अधिकारी भी बहाल कर दिए थे, लेकिन उनके खिलाफ षडयंत्र रच रहे मुख्यमंत्री खेमे के कुछ भाजपाइयों ने झूठे आरोप लगाकर फिर से जांच कराई। सरकार ने सत्ता का गलत इस्तेमाल किया। उन्होंने दावा किया भाजपा में जिला पंचायत बोर्ड के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की हिम्मत नहीं थी। इसलिए बर्खास्तगी का रास्ता अपनाया।