चमोली- भराड़ीसैंण के विधानभवन में सदन जहां सूबे के सुलगते सवालों से गर्म है वहीं सड़क पर राज्य आंदोलनकारी गैरसैँण को राजधानी बनाने की पुरजोर पैरवी कर रहे हैं। धरना जारी है, पहले दिन के जोरदार प्रदर्शन, सड़क पर जाम और तीसरे दिन गैरसैंण बाजार की बंदी ने सरकार के सामने आंदोलन के तेवर भी जाहिर कर दिए हैं।
आंदोलन की तपिश का अहसास करते हुए सदन के भीतर कांग्रेस ने भी गैरसैंण स्थाई राजधानी की वकालत की। लेकिन कांग्रेस की इस वकालत से सूबे के पर्यटन मंत्री यशपाल आर्य गरम हो गए। कांग्रेस पर गर्म होते हुए यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस को कोई हक नहीं है कि कांग्रेस गैरसैंण के बारे में कुछ भी कहे।
वहीं यशपाल आर्य ने कहा कि सरकार गैरसैंण आंदोलन का सम्मान करती है और वक्त आने पर आंदोलन और प्रदर्शन का सम्मान भी करेगी। यशपाल ने कहा हमारी सरकार ने गैरसैंण में ऐतिहासिक बजट सत्र आयोजित कर के दिखाया है और हमें उम्मीद है कि गैरसैँण के बारे में भी सही समय पर सही फैसला लिया जाएगा।