डेस्क – गुजरात और हिमाचल में बेशक नतीजे भाजपा के पक्ष में गए। दोनो राज्यों में भाजपा की सरकार बनी और इसके साथ ही साथ देश के 12 राज्यों में भाजपा का भगवा अपने दम पर फहरा रहा है।
जबकि पांच राज्यों में भाजपा अपने गंठबंधन के साथियों के साथ सत्ता के सिंहासन पर विराजमान है। बावजूद इसके सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को उम्मीद है कि साल 2019 के लोकसभा चुनाव में परिस्थितियां बदल जाएगी। हरीश रावत ने सोशल मीडिया मे अपने जज्बातों को शेयर करते हुए गुजरात में राहुल गांधी के संघर्ष से प्रेरणा लेते हुए कांग्रेस जनों को काम की नसीहत दी है। रावत ने फेसबुक वॉल पर लिखा है-
“हार दुख देती है! #हिमाचल_प्रदेश और #गुजरात की हार कांग्रेसजनों के लिए दुखद है मगर इस दुख में भी गुजरात का कांग्रेस का संघर्ष और उस संघर्ष को जिस तरीके से Rahul Gandhi जी ने नेतृत्व दिया, हमारे अंदर एक नए विश्वास का सृजन कर रहा है। यदि हम सब कांग्रेस जन राहुल जी के नेतृत्व में अभी से अपने-अपने क्षेत्रों में लोकतांत्रिक संघर्ष को, जनसंवाद को मजबूत करने में लग जाएं तो 2019 तक हालात बदल जाएंगे बल्कि जो अब कुछ राज्यों में चुनाव होने जा रहे हैं, वहीं से ये बदलाव साफ-साफ झलकने लग जाएगा। आवश्यकता है, हिम्मत करने की और डटकर के संघर्ष करने की।”