देहरादून,संवाददाता- कांग्रेस के पीसीसी अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने बताया कि अंबिका सोनी कांग्रेस के सहप्रभारी संजय कपूर के साथ दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को देहरादून पहुंचेगी।अंबिका सोनी के उत्तराखंड आगमन के साथ ही सरकार और संगठन की रार का मुद्दा भी गरमाने लगा है। यही वजह है कि किशोर पत्रकारों से वार्ता के दौरान यह कहना नहीं भूले कि सरकार और संगठन के बीच कोई रार नहीं है। अंबिका सोनी के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी बुधवार को प्रदेश के पदाधिकारियों और कांग्रेस के अन्य प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों व कर्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगी। बातचीत के इस कार्यक्रम में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके पश्चात अंबिका सोनी समन्वय समिति की बैठक में भी भाग लेंगी। बैठक का फोकस मौजूदा समय में चल रही राजनैतिक स्थिति का आंकलन करना होगा। बैठक में पीडीएफ का मुद्दा उठाए जाने संबन्धित प्रश्न पर किशोर कन्नी काट गए। हालांकि वे ये कहना नहीं भूले कि पीडीएफ के मुद्दे पर अंतिम फैसला मुख्यमंत्री और हाईकमान को ही करना। पलटी मारने में माहिर किशोर ने घोषणा पत्र के वादे नहीं कर पाई कांग्रेस संबन्धी अपने बयान पर कहा कि कांग्रेस ने 90 फीसदी वादे पूरे कर लिए हैं कुछ और पर प्रयास जारी है। हालांकि कुछ दिनों पूर्व किशोर ने कहा था कि मंत्री और विधायकों के लिए हर साल अपनी संपत्ति का ब्योरा दिए जाने को कानूनी रूप से अनिवार्यित किए जाने की घोषणा भी अबतक अधूरी है। किशोर ने बताया कि चारधाम यात्रा के पश्चात राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी आपदा के कार्यों पर विशेष रुचि ले रहे हैं। इसलिए अंबिका सोनी के समक्ष चारधाम यात्रा का अबतक के प्रयास और आने वाले यात्रियों के बारे में भी विस्तृत जानकारी के अलावा आपदा के बाद की जानकारी भी उन्हें दी जाएगी। किशोर ने बताया कि कार्यकर्ताओं से मुलाकात का कार्यक्रम ओल़्ड सीएम हाऊस में रखा गया है। इसके पीछे उन्होंने तर्क दिया कि कांग्रेस मुख्यालय का हाल अभी तैयार नही हुआ है।