केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय, यहां जानें शुभ मुहूर्त

Kedarnath dham kapat opening date: केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि आज महाशिवरात्रि के पर्व पर घोषित हो गई है। बता दें इस साल केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को सुबह 8 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय
भगवान केदारनाथ धाम के कपाट (kedarnath dham kapat opening date) खुलने की तिथि महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में तय की गई। इस बार बाबा केदार के कपाट 22 अप्रैल को सुबह 8 बजे खोल दिए जाएंगे।
साढ़े नौ क्विंटल फूलों से सजाया गया था ओंकारेश्वर मंदिर
भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली के केदार प्रस्थान का कार्यक्रम भी घोषित हो गया। इस अवसर पर ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ को भव्य रूप से साढ़े नौ क्विंटल फूलों से सजाया गया था। दानदाताओं ने भंडारे का आयोजन किया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में जय श्री केदार के उदघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
ये भी पढ़ें: केदारनाथ धाम के 325वें रावल होंगे शिवाचार्य केदार लिंग, मौजूदा रावल ने घोषित किया अपना उत्तराधिकारी
पंचमुखी डोली का प्रस्थान कार्यक्रम
ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में 18 अप्रैल को भैरवनाथ की पूजा अर्चना संपन्न हो जाएगी। भगवान केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ से 19 अप्रैल को फाटा रवाना होगी। 20 अप्रैल को दूसरे पड़ाव गौरीकुंड तथा 21 अप्रैल को पंचमुखी डोली केदारनाथ धाम पहुंच जाएगी। 22 अप्रैल को सुबह 8 बजे इस यात्रा वर्ष के लिए केदारनाथ धाम के कपाट खोल दिए जाएंगे। इस यात्रा वर्ष में केदारनाथ धाम में एम टी गंगाधर मुख्य पुजारी का दायित्व संभालेंगे ।