देहरादून: इसरो ने चंद्रयान-2 को लेकर देशभर में एक प्रतियोगिता शुरू की है। इस प्रतियोगिता में आॅनलाइन पूछे जाने वाले सवालों के सही जवाब देने वाले बच्चों को सीधे इसरो में जाने का मौका मिलेगा। पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए यह एक बड़ा मौका है। इस क्वीज में सही जवाब देने वालों को इसरों में बैठकर देश के श्रेष्ठ वैज्ञानिकों के बीच चंद्रयान-2 की चांद पर लैंडिंग का सीधा प्रसारण देखने का मौका मिलेगा।
सात सितंबर तक इसके चंद्रमा पर लैंड होने का अनुमान है। आठवीं से 12वीं तक के छात्रों के पास इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने का मौका है। सरकार ने चंद्रयान-2 क्विज शुरू की है। ऑनलाइन क्विज में 25 अगस्त तक हिस्सा लिया जा सकता है। प्रत्येक राज्य से दो-दो विजेताओं को यह मौका मिलेगा।
क्वीज में हिस्सा लेने के लिए सबसे पहले वेबसाइट quiz.mygov.in पर जाएं। यहां लॉगिन टू प्ले क्विज के विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद लॉगिन करें। पूरी जानकारी भरने के बाद क्विज शुरू हो जाएगी। इसमें 20 सवालों के जवाब देने होंगे। सभी सवालों का जवाब देने वाले राज्य से दो छात्रों को चुना जाएगा।