देहरादून- पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इन्दिरा गांधी की जयंती पर मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उनका भावपूर्ण स्मरण किया है। उन्होंने स्व.श्रीमती इंदिरा गांधी को विश्व की सर्वाधिक लोकप्रिय, कुशल प्रशासक, विदुषी एवं सफलतम महिला बताते हुए कहा है कि हमें उनके आदर्शो पर चलकर विकास कार्यो एवं जन सेवा के लिए तत्पर रहना होगा, तभी उनका स्मरण किया जाना सार्थक सिद्ध होगा।
पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इन्दिरा गांधी की जयंती की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री श्री रावत ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व.इन्दिरा गांधी ने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र की सेवा के लिए अर्पित किया। उन्होंने देश की एकता और अखण्डता को मजबूत बनाने के लिए अविस्मरणीय योगदान दिया तथा देश सेवा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करते हुए शहीद हो गई। मुख्यमंत्री श्री रावत ने कहा है कि हम सभी को राष्ट्र की एकता एवं अखण्डता को और मजबूत बनाने के लिए कार्य करने होंगे तभी स्व.इन्दिरा गांधी के सपनों को साकार किया जा सकेगा।