हैदराबाद: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के चीफ के सिवन ने चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग के बाद पत्रकारों से बात कर कहा कि चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण सफल रहा। यह चांद के दक्षिणी ध्रव पर उतरेगा। इसरो चीफ के सिवन ने कहा कि वक्त रहते तकनीकी जांच की गई। उसके बाद इस ऐतिहासिक सफर पर चंद्रयान-2 को छोड़ा गया। सफल लॉन्चिंग के बाद जीएसएलवी-एमके तृतीय-एम-1 से चंद्रयान-2 अलग होकर आगे की तरफ बढ़ रहा है।
इसरो की तरफ से बताया गया कि लॉन्चिंग कल्पना से बेहतर रही। राज्यसभा अध्यक्ष वेंकैया नायडू ने भी इसरो को बधाई दी है। इसरो को भी चंद्रयान-2 की सफल लॉन्चिंग से प्रसन्नता है। इसरो चीफ के सिवन ने इसके लिए सभी वैज्ञानिकों को सैल्यूट किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि चंद्रयान 2 का प्रक्षेपण हमारे वैज्ञानिकों और 130 करोड़ भारतीयों के विज्ञान के नए स्तरों को निर्धारित करने के संकल्प को दर्शाता है। आज हर भारतीय को गर्व है।
इसरो ने इसे 44 मीटर लंबे और लगभग 640 टन वजनी जियोसिंक्रोनाइज सैटेलाइट लांच व्हीकल-मार्क तृतीय (जीएसएलवी-एमके तृतीय-एम1) से लॉन्च किया है। इस रॉकेट को बाहुबली कहा जा रहा है। इस रॉकेट और चंद्रयान-2 की कीमत 978 करोड़ रुपये है।