हल्द्वानी- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर हल्द्वानी को एक सौगात मिली। सूबे के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने आज 4 करोड़ 55 लाख रूपये की लागत से बने राज्य सहकारी बैंक के मुख्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत और राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष भी मौजूद रहे।
वही अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने दुग्ध विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कई महिलाओं को सम्मानित भी किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री स्वालंबी योजना के तहत दो महिलाओं को ई रिक्शा भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा की सरकार राज्य के अंदर महिलाओं को सशक्त करने की दिशा में तेजी के साथ काम कर रही है ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर हो सके। उन्होंने बताया की राज्य में 33 प्रतिशत महिला अधिकारी है जो प्रसाशनिक, पुलिस और सरकारी नौकरियों में अपनी सेवाएं दे रही है।
वहीं रावत ने कहा कि भारत के अंदर 12 प्रतिशत कामर्शियल पायलट महिला है, जबकि अन्य देशों में इनकी संख्या सिर्फ 7 प्रतिशत । देश की विदेश मंत्री से लेकर रक्षा मंत्री जैसे बड़े पदों पर भी महिलाएं आसीन है, जो की अपने काम को बखूबी अंजाम दे रही है।
सीएम रावत ने कहा भारत देश भले ही तकनीकी क्षेत्र में दुनिया के दूसरे मुल्कों से जरा पीछे हो लेकिन महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में वो सबसे आगे है। वहीं मुख्यमंत्री ने कहा की केन्द्र और राज्य सरकार महिलाओं को प्रथम पंक्ति में लाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही है। जिनमें ग्रामीण क्षेत्रो में एलईडी लाइट बल्ब निर्माण में महिलाओं की भागीदारी समेत मुख्यमंत्री ई रिक्शा जन कल्याण योजना भी चलाई जा रही है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, परिवहन मंत्री यशपाल आर्य, भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।