देहरादूनः मुख्यमंत्री के जनता दरबार में शिक्षिका प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने महिला की गिरफ्तारी को अनुचित करार दिया, लेकिन जनता दरबार में अपशब्द कहे जाने को भी गलत करार दिया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने उक्त घटना पर ट्वीट किया कि मुख्यमंत्री के जनता दरबार में लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। जनता दरबार में एक महिला ने अपनी पीड़ा का इजहार किया और उसे गिरफ्तार करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता दरबार में अपनी बात कहने का अधिकार हर व्यक्ति को है, लेकिन कोई अपशब्द कहे यह भी उचित नहीं है। वह इसके पक्षकार नहीं हैं।
किशोर उपाध्याय का कहना
पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री ने शिक्षक जगत का अपमान किया है। उन्हें बगैर शर्त माफी मांगनी चाहिए।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ की बैठक में शिक्षिका पर कार्रवाई और मुख्यमंत्री के व्यवहार की कड़ी निंदा की गई। बैठक में प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ प्रदीप जोशी, जिला अध्यक्ष डॉ रवि दीक्षित, डॉ डीके त्यागी, डॉ आरके शर्मा समेत कई शिक्षक मौजूद थे।