एक लड़की, एक बेटी,एक महिला ने पूरी दुनिया में अपनी ताकत, अपनी मेहनत का लोहा मनवाया है। ऐसा ही कुछ किया है महिला थाने में कम्प्यूटर में काम करने वाली महिला सिपाही ने जो अब ट्रेन चलाएंगी। जी हां हम बात कर रहे हैं मुरादाबाद के महिला थाने में तैनात महिला सिपाही रिंका शर्मा की जिनका चयन लोको पायलट के लिए हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार मूलरूप से यूपी के मऊ जिले के मधुबन तहसील क्षेत्र के रहने वाले किसान सुअंबर शर्मा की छोटी बेटी की रिंकी शर्मा मुरादाबाद के महिला थाने में कंप्यूटर आपरेटर के पद पर तैनात हैं। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विद्यासागर मिश्र से मुलाकात कर बताया कि उनका चयन प्रयागराज में लोको पायलट के पद पर हुआ है।
रिंकी का दिसंबर 2019 में चयन कंप्यूटर आपरेटर के रूप में पुलिस विभाग में भर्ती हुई थीं। उनकी पहली पोस्टिंंग मुरादाबाद के महिला थाने में है। इसके पहले साल 2018 में उन्होंने रेलवे में लोको पायलट के पद के लिए परीक्षा दी थी। जून 2020 में परीक्षा परिणाम मिला। मेडिकल हो चुका था लेकिन सत्यापन होना बाकी है। रिंकी ने बताया कि पिता की गरीबी ने आगे बढने को प्रेरित किया। यही वजह रही कि इंटर की पढ़ाई मऊ में पूरी करने के बाद उन्होंने वर्ष 2019 में पॉलीटेक्निक किया। इसके बाद बनारस में काशी विद्यापीठ से बीए और एमए की पढ़ाई की। बेटी की इस सफलता से घर में खुशी का माहौल है।