एक युवक ने नदी में कूदकर जान देने की कोशिश की। लेकिन एक पुलिसकर्मी की मुस्तैदी के चलते युवक को बचा लिया गया। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मामला बागेश्वर जिले का है. दरअसल एक युवक सरयू पुल पर चढ़ गया। जिसके कुछ देर बाद उसने नदी में छलांग लगा दी। लोगों ने जैसे ही उसे देखा शोर मचाने लगे। वह भी युवक के साथ-साथ नदी की धारा की ओर भागने लगे। वहीं कुछ ही दूरी पर यातायात पुलिस का जवान सुंदर टोलिया ड्यूटी दे रहा था। जैसे ही उसने देखा की कोई युवक डूब रहा है तो बिना कुछ सोचे समझे उसने नदी में छलांग लगा दी।
आधा किमी नदी पार करने के बाद उसने डूबते युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद आस-पास के लोग गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सक उसका इलाज कर रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत में सुधार हो रहा है।
कोतवाल टीआर वर्मा ने बताया कि नदी में छलांग लगाने वाले युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है और वह नशे में है। अभी उसे होश नहीं आया है। जल्द ही उसका पता लगा लिया जाएगा।
वहीं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने कहा कि जवान का कार्य सराहनीय है। हमारा पहला काम नागरिक सुरक्षा है। सभी जवानों को इसी तरह कर्तव्यनिष्ठा से काम करने की जरुरत है। बहादुर जवान को पुरस्कार से नवाजा जाएगा। ताकि अन्य जवानों को भी प्रेरणा मिल सके।