रुड़की: रुड़की के बिझौली गांव में बच्चों के बीच हुए छोटे झगड़े के बाद दो परिवारों के बीच जंग छिड़ गई। पहले दोनों परिवारों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। बाद में गोलियां भी चलाई गई। इस दौरान एक महिला को गोली लग गई। पूरे बवाल बाद दोनों ही परिवार अपने घरों से फरार हो गए हैं। पुलिस सूचना के बाद मौके पर पहुंची और लाठीचार्ज कर लोगों को तितर-बितर किया। घायल महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
दुकान के बाहर दो बच्चों में विवाद हो रहा था। यह देखकर दुकान चलाने वाले मट्टू ने दोनों को समझाते हुए घर जाने को कहा। इस बीच आजाद मौके पर पहुंच गया। मट्टू और उसके बीच गाली गलौज और मारपीट हो गई। इसके बाद आजाद ने घर पहुंचकर परिजनों को बताया। उसके परिजन मट्टू की दुकान पर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। शोर मचाने पर मट्टू के पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
देखते ही देखते दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि एक पक्ष की ओर से लाइसेंसी बंदूक से करीब दस राउंड हवाई फायरिंग की गई। गुजर रही महिला के दाएं कंधे पर गोली लग गई। इससे वह लहूलुहान होकर गिर गईं।