चमोली- कांग्रेस सरकार गैरसैंण में राजधानी के लिए गंभीर है। गैरसैंण को राजधानी का स्वरूप देने की प्रक्रिया प्रगति के पथ पर है। ये बात विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ.ए.पी.मैखुरी ने उस वक्त कही जब वे अपने विधानसभा क्षेत्र के न्याय पंचायत मजियाड़ी में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर कार्यकर्ताओं से मैखुरी नें जहां चुनाव के लिए तैयार रहने को कहा वहीं भाजपा को भी आड़े हाथों लिया। मैखुरी ने कहा कि भाजपा के पास हमारी सरकार के खिलाफ कोई ऐसा मुद्दा नहीं है जिसे वो चुनावी जंग में भुना सके।
इस मौके पर अपनी सरकार की तारीफ करते हुए डॉ मैखुरी ने कहा कि कांग्रेस सूबे का विकास कर रही है। वहीं उन्होंने कहा कि सरकार आदिबदरी को पर्यटन की मुख्य धारा से जोड़ कर विकास लिए संकल्पबद्ध है। इसके अलावा उन्होनें कार्यकर्ताओं को क्षेत्र में सरकार के विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दूरस्थ नंदासैंण में आइटीआइ व डिग्री कॉलेज की स्थापना कर युवाओं को तकनीकि व उच्चशिक्षा के मौके देना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। इस मौके कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता हरिकृष्ण भट्ट ने भी संबोधित किया।