श्रीनगर गढ़वाल- उत्तराखंड की राजधानी गैरसैंण हो अब इसको समाजसेवी अन्ना हजारे का भी समर्थन मिल गया है। उनका कहना है कि पहाड़ की राजधानी पहाड़ में ही होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि इसके लिए जनता को संगठित होना होगा।
श्रीनगर के गोला पार्क में जनसभा को संबोधित करते हुए समाजसेवी अन्ना हजारे ने मोदी सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि बीते साढ़े तीन साल में मोदी सरकार कोई बदलाव नहीं लाई है। किसानों की आत्महत्या की घटनाएं लगातार बढ़ रहीं है। केवल शब्दों से काम नहीं चलेगा।
वहीं जन लोकपाल को लेकर अन्ना हजारे ने मनमोहन सरकार और मोदी सरकार पर भी जनता के साथ धोखा करने का आरोप लगाया. अन्ना ने कहा मोदी सरकार उद्योगपतियों के लिए कार्य करती है। युवकों के आगे आने से नया मजबूत भारत बनने में देर नहीं लगेगी। उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा है कि कृषि प्रधान देश में किसान ही आत्महत्या करने के लिए क्यों मजबूर हो रहा है।