देहरादून: देहरादून जिले में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ते जा रहा. एक के बाद एक सनसनीखेज मामले सामने आ रहे है जिससे पुलिस भी हैरान है. हालांकि दून पुलिस ने इन अपराधों के खुलासे बी किए, लेकिन इन पर कैसे लगाम लगाई जाए ये समझ पाना मुश्किल है.
देहरादून कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में हत्या का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। एक महिला की हत्या कर शव को कंबल में लपेट कर सड़क पर फेंक दिया गया।
महिला के चेहरे पर किसी भारी वस्तु से किया गया वार
देर रात पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम को शव निरंजनपुर जुयाल मार्ग पर सड़क किनारे पड़ा मिला। महिला के चेहरे पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया है। इसके अतिरिक्त पीठ पर भी रगड़ के निशान हैं। पुलिस के मुताबिक किसी और जगह महिला की हत्या कर शव को यहां फेंका गया है।
महिला मूल रूप से बिहार की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस महिला के बारे में और जानकारी जुटा रही है, हालांकि अभी हत्यारों का कोई सुराग नहीं लगा है।
चीता पुलिस को दी कुत्तों के भौंकने की आवाज, देखा तो हैरान
जानकारी के मुताबिक देर रात थाना पटेलनगर क्षेत्र की चीता पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान जुयाल मार्ग पर उन्हें कुछ कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनाई दी। जिसके बाद चीता कर्मी मौके पर पहुंचे तो वहां कं बल में लिपटी कोई भारी वस्तु दिखाई दी। चीता कर्मियों ने उसे चेक किया तो वह दंग रह गए। कंबल में महिला का शव लिपटा हुआ था।
एसपी सिटी प्रदीप राय मौके पर पहुंचे
इसके बाद चीता कर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। सूचना पर एसपी सिटी प्रदीप राय, कोतवाली प्रभारी पटेलनगर सूर्यभूषण नेगी, चौकी इंचार्ज बाजार नरोत्तम बिष्ट डॉग स्क्वायड व एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव की जांच कर साक्ष्य एकत्रित किए।
शव की जांच के दौरान महिला के चेहरे पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किए जाने की पुष्टि हुई। साथ ही महिला की पीठ पर घसीटे जाने के भी निशान हैं। जिसके आधार पर पुलिस महिला की हत्या करने और शव को कंबल में लपेटकर यहां लाकर फेंकने की बात कह रही है।
सुबह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती ने भी घटनास्थल का दौरा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शव का पंचनामा भर दून अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
महिला की शिनाख्त को लेकर पुलिस दिनभर कसरत करती रही। देर रात तक महिला के बारे में कुछ जानकारी जुटाई जा सकी। महिला मूल रूप से बिहार की रहने वाली बताई जा रही है। हालांकि पुलिस अभी महिला के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दे रही है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
हत्यारों की गिरफ्तारी को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक महिला की उम्र करीब 50 वर्ष प्रतीत हो रही है। बाएं हाथ में एक टैटू बना हुआ है और उसके नीचे अग्रेंजी में आरजीपी लिखा गया है।
सीसीटीवी फुटेज में दिखी घटनास्थल के पास वैगन-आर
महिला का शव मिलने के बाद सुबह पुलिस ने आसपास के घरों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। एक फुटेज में रात को करीब सवा 12 बजे घटनास्थल के पास एक वैगन-आर दिखाई दी। हालांकि, कार वहां रुकी नहीं, लेकिन उसने अपनी गति एक दम वहां पर कम कर दी और थोड़ा बाएं होकर सीधी चली गई। पुलिस इस कार के बारे में जानकारी जुटा रही है।