देहरादून: लंबे समय से लेमिनेटेड लाइसेंस और सादे कागज पर आरसी से आजिज आ चुके वाहन चालकों और वाहन स्वामियों के लिए राहत भरी खबर है। परिवहन विभाग अब जल्द ही लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट का स्वरूप बदलने जा रहा है। अब पैन कार्ड की तरह ही पीवीसी कोटेड प्लास्टिक कार्ड पर लाइसेंस व आरसी मिलेंगी। परिवहन मुख्यालय ने सभी आरटीओ व उप संभागीय परिवहन कार्यालयों से इस संबंध में प्रस्ताव मांगे हैं।
परिवहन विभाग में पांच वर्ष पूर्व स्मार्ट कार्ड की तर्ज पर लाइसेंस बनाने का योजना शुरू की गई थी। इसके लिए बाकायदा एक कंपनी का भी चयन कर लिया गया था। कंपनी के चयन को लेकर विभाग पर आरोप लगे और मामला कोर्ट में चला गया। इसके चलते यह मामला आगे नहीं बढ़ पाया। इस बीच विभाग में सारथी व वाहन सॉफ्टवेयर लागू हो गया। इससे लाइसेंस व आरसी बनाने की प्रक्रिया ऑनलाइन शुरू हो गई। शुरुआत में तो परिवहन विभाग ने रंगीन फोटो पन्ने पर लाइसेंस लेमिनेशन कर निकाले।
कुछ समय बाद विभाग में रंगीन प्रिंटर टोनर कम पडऩे लगे। इनकी कीमतों को देखते हुए विभाग ने रंगीन लाइसेंस से पीछा छुड़ा लिया। इसके बाद इनकी जगह सफेद फोटो पेपर पर ब्लैक एंड व्हाइट लाइसेंस निकालने शुरू किए। कुछ समय बाद व्यवस्था बदली और सेंट्रल सर्वर बनने के बाद यह व्यवस्था और बदहाल हो गई।
लाइसेंस और आरसी साधारण ए-फोर पन्नों पर निकाले जाने लगी। इससे जनता में खासी नाराजगी भी थी। कारण यह कि यदि गलती से आरसी भीग जाए तो यह तुरंत खराब हो जाती थी। यहां तक कि प्रदेश से बाहर तो कई बार चेकिंग में इन कागजों को लेकर खासी बहस भी होती थी। बीते कुछ समय से परिवहन विभाग ने ग्राहकों से यूजर चार्ज वसूलना शुरू किया है।
अपर परिवहन आयुक्त सुनीता सिंह ने कहा कि इसके लिए सभी कार्यालयों से प्रस्ताव मांगा गया है। इसके बाद इस मामले को परिवहन विभाग की राज्य स्तरीय समिति के सामने लाया जाएगा। इसके बाद यह व्यवस्था शुरू की जाएगी।