देहरादून: अगर आपने अब तक हाउस टैक्स जमा नहीं कराया है तो आज आपके लिए आखिरी है। इसके बाद आपको हाउस टैक्स पर मिलने वाली छूट नहीं मिलेगी, ऊपर से जुर्माना अलग लगेगा। पहले निगम आपको डिफाल्टर का नोटिस देगा और उसके बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम लगातार हाउस टैक्स जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाता रहा लेकिन तब भी करीब आधे शहर ने टैक्स को जमा नहीं कराया। जनवरी में महापौर विनोद चमोली ने टैक्स जमा करने की तिथि 28 फरवरी व इसके बाद बढ़ाकर 31 मार्च कर दी थी। निगम ने इस दौरान वार्डो में टैक्स वसूली कैंप तक लगाए मगर लोगों ने टैक्स जमा कराने की जहमत नहीं उठाई।
बताया गया कि 30 मार्च तक करीब 18 करोड़ रुपये हाउस टैक्स जमा हुआ है, जबकि निगम ने टैक्स वसूली का लक्ष्य 25 करोड़ रुपये रखा हुआ है। अब निगम सख्ताई के मूड में है। नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि जिन लोगों ने टैक्स जमा नहीं कराया है, उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
39 लाख टैक्स हुआ जमा
शुक्रवार को छुट्टी के बावजूद नगर निगम में टैक्स अनुभाग खुला रहा। इस दौरान 39 लाख रुपये टैक्स जमा हुआ। इसमें 35 लाख का टैक्स निगम परिसर में जबकि चार लाख रुपये टैक्स निगम की दूसरी शाखा चकशाहनगर में जमा हुआ। हालांकि, शुक्रवार को निगम की ओर से बस्तियों में कोई कैंप नहीं लगाया गया।