आठ फरवरी को हिंसा की आग में जलने के बाद हल्द्वानी में अब स्थिति तो काबू में है और शांति भी कायम है। लेकिन शहर में तनावपूर्ण शांति है। अब भी भारी मात्रा में पुलिस बल शहर में तैनात है। इसी बीच शहर की तस्वीरें सामने आई हैं जो कि हिंसा की कहानी बयां कर रही हैं। इसके साथ ही हिंसा के बाद के हालात के बारे में भी बता रही हैं।
हिंसा की आग में जलने के बाद कैसे हैं हल्द्वानी में हालात ?
हल्द्वानी में आठ फरवरी को हिंसा हुई थी। जिसके बाद हालात को काबू में करने के लिए प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश दे दिए थे और शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया था । हिंसा के चार दिन बाद शहर के बनभूलपुरा को छोड़कर शहर के बाकी इलाकों से कर्फ्यू हटा दिया गया है और इंटरनेट सेवा भी बहाल कर दी गई है। लेकिन जगह-जगह पर हिंसा का असर साफ देखा जा सकता है। तस्वीरें बयां कर रही हैं कि किस तरीके से आठ फरवरी को शहर में उपद्रव मचाया गया था।

जगह-जगह उपद्रव के निशान
हल्द्वानी के बनभूलपुरा इलाके में आठ फरवरी को हुई हिंसा के निशान साफ-साफ देखे जा सकते हैं। कहीं पर वाहनों को जलाकर राख कर दिया गया है। तो कहीं पर भारी मात्रा में ईंट-पत्थर पड़े हुए हैं। ये वहीं ईंट-पत्थर जिनसे पुलिसकर्मियों, नगर निगम कर्मियों और पत्रकारों पर हमला किया गया था।

मलिक के बगीचे के 300 से ज्यादा घरों में लटके हैं ताले
जहां एक ओर प्रशासन दंगाइयों को पकड़ने के लिए सख्ती दिखा रही है तो वहीं दूसरी ओर मलिक के बगीचे के आस-पास रहने वाले लोग धीरे-धीरे पलायन कर रहे हैं। शनिवार को लोगों ने पलायन शुरू किया था। रविवार को यहां से लगभग 300 से ज्यादा परिवार जा चुके हैं। इस इलाके में घरों में ताले लटके दिखाई दे रहे हैं।

ड्रोन वीडियो में दिखा लॉकडाउन जैसा माहौल
हिंसा के तीन दिन बाद हल्द्वानी का एक और नया वीडियो सामने आया है। दरअसल ये एक ड्रोन वीडियो है। जिसमें शहर की वर्तमान में स्थिति क्या है दिखाई गई है। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बनभूलपुरा इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। सड़कों के किनारे कुछ गाड़ियां खड़ी हैं इसके अलावा कुछ भी नहीं दिखाई दे रहा है।