पिथौरागढ़। 11 अप्रैल को मतदान ड्यूटी में लगे एक होमगार्ड की लाश जंगल में मिलने से सनसनी फैल गई है। पुलिस फिलहाल इस मामले में कोई खुलासा नहीं कर पाई है। होमगार्ड की हत्या बेहद खौफनाक तरीके से की गई। खून के छींटें घटनास्थल से काफी दूर तक मिले हैं।
दरअसल डीडीहाट विधानसभा के नैनी बूथ पर होमगार्ड हेमचंद्र (45) की ड्यूटी लगाई गई थी। मतदान खत्म होने के बाद अचानक हेम गायब हो गए। इस संबंध में पीठासीन अधिकारी ने पुलिस को सूचित किया। इसके बाद हेमचंद्र की तलाश शुरु हुई। नैनी के जंगलों में तलाश के दौरान हेमचंद्र की लाश बरामद हुई। हेमचंद्र को बेदर्दी के साथ मौत के घाट उतारा गया था। उसी की पैंट के उसका गला बांध दिया गया था और पेड़ से लटका दिया गया था। हेम के पांव मुड़े हुए थे और शरीर पर चोटों के निशान थे। हेम की लाश जहां मिली है वो जगह पोलिंग बूथ से तकरीबन डेढ़ किलोमीटर दूर है। इस रास्ते के बीच में जंगल है। फोरेंसिक टीम को अपनी जांच में इस रास्ते पर जगह जगह पत्थरों पर खून के निशान मिले हैं। माना जा रहा है कि हेम को घसीटते हुए ले जाया गया और मार कर पेड़ से लटका दिया गया।
नैनी में पोलिंग बूथ पहली बार बनाया गया था और पहली बार ही ऐसा हादसा हो गया। जिस जगह पोलिंग बूथ बनाया गया था वो जंगलों के बीच में है। पुलिस ने शक के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ की है लेकिन किसी फैसले पर नहीं पहुंच पाई है। फिलहाल जांच जारी है।