देहरादून, संवाददाता। देहरादून में बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने के लिए पुलिसकर्मियों की कमी के चलते अब व्यवस्था होमगार्ड्स के जिम्मे है। दरअसल ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए राजधानी में होमगार्ड्स की तादाद को लगातार बढ़ाया जा रहा है। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर लगातार सवाल खड़े होते रहे हैं। आये दिन शहर में जाम की स्थिति पैदा होना, दूनवासियों के लिए आम बात है। हर साल शहर की जनसंख्या के साथ ही गाडि़यों की तादाद में भी ख़ासा इज़ाफा होता है। जिसका शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर सबसे ज़्यादा असर पड़ता है। और इस ट्रैफिक को कंट्रोल करना पुलिस के लिए एक चुनौती बना हुआ है, वजह है ट्रैफिक पुलिस की कमी होना। आलम ये है कि देहरादून की ट्रैफिक पुलिस अब ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए खुद होमगार्ड्स के भरोसे हैं। शहर के हर पॉइंट पर दो होमगार्ड्स और एक ट्रफिक पुलिस का सिपाही तैनात है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि ट्रैफिक व्यवस्था सम्भालने में होमगार्ड्स का अहम योगदान है इसीलिए ट्रैफिक प्रशासन होमगार्ड्स की संख्या बढ़ाने में लगी हुई है। हालांकि पुलिस हर पॉइंट में 2 होमगार्ड और एक ट्रैफिक सिपाही तैनात होने की बात कर रही है लेकिन राजधानी में अधिकतर पॉइंट्स पर सिर्फ होमगार्ड्स ही देखने को मिलते है। पुलिस महकमे के पास जो ट्रैफिक पुलिस है उनकी संख्या जरूरत से आधी है। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि किस तरह शहर में ट्रैफिक को काबू किया जा रहा होगा।