देहरादून। पूरे देश के साथ पूरे उत्तराखंड में भी होली का पर्व पूरे उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। गढ़वाल और कुमाऊं में पारंपरिक तरीके से होली मनाई जा रही है। राज्यपाल बेबी रानी मौर्या और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने राज्य के लोगों को होली की शुभकामनाएं दी हैं।
हालांकि मौसम का मिजाज कुछ खराब जरूर है। ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। मैदानी इलाकों में बादलों की आंख मिचौली के चलते चटक धूप नहीं निकली है। इसकी वजह से ठंडी हवा कुछ अधिक ही चुभ रही है। हालांकि इसके बावजूद लोगों के उत्साह में कमी नहीं है। खासतौर पर युवा खासे उत्साहित नजर आ रहे हैं।
वहीं मुख्यमंत्री आवास में भी होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मिलने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बीजेपी के कई नेताओं ने भी मुख्यमंत्री को होली पर रंग गुलाल लगाया और होली की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
वहीं राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने भी राजभवन में होली खेली। इस मौके पर राजभवन में कार्यरत अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों के साथ ही अन्य लोगों ने भी राज्यपाल से मिल कर उन्हें अबीर गुलाल लगाया और होली की शुभकामनाएं दीं।