हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के अध्यक्ष ने की राज्यपाल से मुलाकात, कपाट उद्घाटन तिथि की दी जानकारी

हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने मंगलवार को लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने आगामी हेमकुंड साहिब यात्रा की तैयारियों और कपाट उद्घाटन तिथि की जानकारी साझा की।
23 मई को खुलेंगे हेमकुंड साहिब के कपाट
अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने राज्यपाल को बताया कि इस साल हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे के कपाट 23 मई, 2026 को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए विधिवत रूप से खोल दिए जाएंगे। यात्रा का शुभारंभ 20 मई को ऋषिकेश से ‘पंज प्यारों’ की अगुवाई में प्रथम जत्थे की रवानगी के साथ किया जाएगा।
राज्यपाल ने की व्यवस्थाओं की समीक्षा
राज्यपाल ने यात्रा की तैयारियों, व्यवस्थाओं और यात्रा मार्गों पर किए गए अवस्थापना विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि यात्रा श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक हो।
ये भी पढ़ें: इस तारीख को खुलेंगे हेमकुंड साहिब के कपाट, बैठक में हुआ फैसला
समय से व्यवस्थाएं की जाएं पूरी: राज्यपाल
राज्यपाल ने ट्रस्ट, शासन और स्थानीय प्रशासन के बीच स्थापित प्रभावी समन्वय की सराहना की। गवर्नर ने कहा कि इस पावन यात्रा के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।