देहरादून: अनलॉक-5 में उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रदेश की जनता के साथ तीर्थ यात्रियों को भी छूट दी गई जिसके बाद यात्रियों का उत्तराखंड आने का सिलसिला जारी है। पर्यटकों के लिए कोरोना जांच रिपोर्ट लाने की अनिवार्यता खत्म की गई जिसके बाद अभी तक चारों धामों में हजारों यात्री दर्शन कर चुके हैं। यात्रियों का आना जारी है। वहीं बता दें कि आज से तीर्थ यात्रियों को हेली सेवा केदारनाथ में उपलब्ध होगी। जी हां आज से केदारनाथ में हेली सेवा की शुरुआत हो रही है। आज यानी की शुक्रवार से 8 हेली कंपनियों के हेलीकॉप्टर उड़ान भरेंगे जो की कपाट बंद होने तक रहेगी।
आपको बता दें कि हेली सेवा से केदारनाथ जाने वाले यात्रियों के लिए ई-पास की अनिवार्यता भी नहीं होगी। मिली जानकारी के अनुसार शुरुआती दौर में सभी कंपनियों को धाम के लिए 50 से 60% बुकिंग मिल चुकी है। हेली कंपनियों का स्टॉफ ड्यूटी पर तैनात है। चारधाम यात्रा पटरी पर लौट चुकी है। केदारनाथ के लिए एरो एविएशन, पिनकल, चिप्सन, क्रिस्टल, थुंबी, हिमालयन समेत 8 हेली कंपनियां सेवा देंगी। गुप्तकाशी, सोनप्रयाग, मैखंडा, जामू-फाटा और बडासू से हेलीकॉप्टर केदारनाथ के लिए सुबह छह बजे से उड़ान भरेंगे।
ऐरो एविएशन द्वारा इस बार गुप्तकाशी व सोनप्रयाग हेलीपैड से धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा संचालित की जा रही है। केदारनाथ के लिए प्रति यात्री किराया गुप्त काशी से 3875 रुपये, फाटा से 2360, सिरसी से 2340 रुपये निर्धारित किया गया है। हेली सेवा से जाने वाले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य परीक्षण के जांच की व्यवस्था एविएशन कंपनियों के माध्यम से की जाएगी।