हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी हो रही है। प्रदेश में सीजन का यह सबसे भारी हिमपात दर्ज हुआ है। देर रात से जारी बर्फबारी के कारण प्रदेश में 700 से ज्यादा सड़कें बंद हो गई हैं। बर्फबारी होने से सड़कों पर वाहनों के पहिये थम गए हैं। बारिश और बर्फबारी से लोगों की दुश्वारियां बढ़ गईं हैं। शिमला में अब तक 20 सेंमी बर्फबारी हो हुई है। जाखू में करीब 30 सेंमी बर्फबारी हुई है। बरोट में विद्युत सब डिवीजन पूरी तरह ठप हो गया है। पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूबा है। मुलथान तहसील ब बरोट को जोड़ने वाली मुख्य सड़क बरोट घटासनी रात से बर्फ के कारण बंद हो गई है। क्षेत्र की अन्य सडकें भी बंद हो गई है।
बर्फ़बारी का अलर्ट जारी किया गया है। बर्फबारी होने से राजधानी शिमला में आए पर्यटकों के चहरे खुशी से खिल गए हैं।रोहतांग, मनाली, जलोड़ी दर्रा, जंजैहली में भारी बर्फबारी जारी है। कई क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई है। बर्फबारी से पानी की सप्लाई भी बाधित हो गई है। मनाली में 30 सेंमी बर्फबारी हुई है। डलहौजी में 35 सेंमी बर्फबारी हुई है। कांगड़ा जिले की मुलथान तहसील ब बरोट गत रात से भारी बर्फबारी के कारण देश-दुनिया से कट गया है। मुलथान ब बरोट में गत रात पांच से छह इंच तक ताजा हिम पात हुआ है।