चंडीगढ़। पंजाब के एक गांव में संपत्ति विवाद के कारण अपनी सर्विस राइफल एके 47 से एक पुलिस हेड कांस्टेबल ने पत्नी सहित परिवार के चार सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
जानकारी मिली है कि हेड कांस्टेबल दंगा-रोधी दस्ते का हिस्सा है। जिसको अपनी सर्विस राइफल से हवा में फायरिंग के लिए निलंबन का सामना करना पड़ा है। पत्नी के अलावा कुलविंदर सिंह ने रविवार को मोगा जिले के धरमकोट उपमंडल के सैद जलालपुर गांव में अपने ससुराल के तीन सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर दी। बाद में उसने पुलिस के सामने सरेंडर किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी का अपने ससुराल वालों के साथ संपत्ति का विवाद था। झगड़े के बाद, उसने गोली चला दी, जिससे सभी की मौके पर ही मौत हो गई। कुलविंदर सिंह ने अपने साले की बेटी जसप्रीत कौर (10) पर भी गोली चलाई, जो गोली लगने से घायल हो गई। वहीं पुलिस ने कहा कि मृतकों की पहचान उसकी पत्नी राजविंदर कौर, बहनोई जसकरन सिंह, भाभी इंद्रजीत कौर और सास सुखविंदर कौर के रूप में हुई है।