Haridwar में मुस्लिम युवक की पिटाई, कुत्ते का पट्टा पहनाकर खंभे से बांधा, सिर भी फोड़ा, Video

हरिद्वार से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। एक युवक अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचा। लेकिन कुछ ही देर में उस पर लव जिहाद का आरोप लगाकर भीड़ ने उसके साथ मारपीट कर दी।
हरिद्वार में युवती से मिलने आया मुस्लिम युवक
दरअसल मिली जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के करनाल का रहने वाला शादाब, हरिद्वार के सिडकुल के एक अस्पताल में काम करता है। ऐसे में कनखल के गणपति धाम में वो एक परिचित युवती से मिलने पहुंचा था। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और अच्छी दोस्ती थी।
बजरंग दल वालों ने की पिटाई
आरोप है कि युवक के मुस्लिम होने की जानकारी जैसे ही मिली, बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने युवक पर लव जिहाद का आरोप लगाया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
कुत्ते का पट्टा पहनाकर खंभे से बांधा, सिर भी फोड़ा
इतना ही नहीं, आरोप है कि युवक के गले में कुत्ते का पट्टा डालकर उसे सड़क किनारे एक खंभे से बांध दिया गया। इस दौरान वहां भारी भीड़ जमा हो गई और मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान उसका सिर भी फट गया।
युवती की शिकायत पर मामला दर्ज
सूचना मिलने पर कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर थाने ले गई। अब इस मामले में युवती की शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस वायरल वीडियो और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान में जुटी है।