हल्द्वानी: लंबे समय से नगर निगम की कार्यशैली पर जहां शहर की जनता सवाल खड़े कर रही है। वहीं, अब नगर निगम के पार्षद भी लोगों के साथ नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर हो गए हैं। वार्ड नंबर-11 बद्रीपुरा के पार्षद रवि जोशी ने आज वार्ड के लोगों के साथ नगर निगम के खिलाफ जमकर प्रदर्शन करते हुए मेयर जोगेंद्र रौतेला के खिलाफ नारेबाजी की।
पार्षद रवि जोशी का कहना है की मेयर के 11 महीने के कार्यकाल में उनके वार्ड में 11 रुपये का काम भी नहीं हुआ। यहां तक कि उन्होंने नगर निगम में कई प्रस्ताव रखे, जिनमें वार्ड में सफाई करने, सड़क का निर्माण और स्ट्रीट लाइटें लगाने के साथ ही कई काम शामिल थे। मिेयर ने 11 महीने में उनके वार्ड में कोई कार्य नही कराया।
पार्षद रवि जोशी ने कहा कि उनके वार्ड की जनता में मेयर के खिलाफ काफी आक्रोश है। वार्ड का विकास कार्य पूरी तरह से ठप हो गया है। पार्षद रवि जोशी ने कहा कि मेयर उनके वार्ड के साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने मांग उठाई कि, मेयर जल्द उनके वार्ड में विकास कार्य कराएं। अगर काम नहीं कराए गए तो, उनके वार्ड के लोगों के साथ नगर निगम में धरने पर बैठेंगे।