देहरादून- सेना में भर्ती होने वाले उत्तराखंडी युवाओं के लिए खुशखबरी! सेना के लैंसडौन भर्ती कार्यालय की ओर से अप्रैल माह में भर्ती रैली का आयोजन होने वाला है। यह भर्ती गढ़वाल मंडल के सात जिले के युवाओं के लिए होगी।
हालांकि अभी भर्ती के लिए स्थान अभी चुना नहीं किया गया है।लेकिन सबसे बड़ी खुशखबरी ये है कि सेना राज्य के नौजवानों को एक बड़ी छूट देने के लिए तैयार हो गई है। बताया जा रहा है कि अब आने वाली भर्तियों में सूबे के पहाड़ी जिलों के नौजवानों को लंबाई में छूट मिलेगी।
देहरादून के गढ़ी कैंट में आयोजित सेना मेले के दौरान ये जानकारी मिली। बताया जा रहा है कि भर्ती कार्यालय लैंसडौन के अंतर्गत विभिन्न जिलों के लिए भर्ती की संभावित तारीख तीन से सात अप्रैल है। हालांकि भर्ती ताऱीखों में फेरबदल की संभावना भी है।
इसमें सोल्जर जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, क्लर्क, स्टोर कीपर, ट्रेड्समैन आदि के पद शामिल हैं। युवाओं को बताया गया कि जनपद हरिद्वार को छोड़ अब भर्ती होने के लिए ऊंचाई पर तीन सेंटीमीटर की छूट दी गई है।
बहरहाल बता दें कि पहले ऊंचाई 166 सेमी थी, जिसे अब घटाकर 163 कर दिया गया है। पहले बड़ी तादाद में युवा कम लंबाई के कारण भर्ती होने से रह जाते थे। लेकिन, अब सूबे के उन नौजवानों के लिए भी सेना में भर्ती का विकल्प खुला है जिनकी ऊचांई 163 सेंटीमीटर है और इससे पहले की भर्तियों में वो सिर्फ अपनी हाइट की वजह से सेना का अंग बनने से चूक गए थे।