हल्द्वानी- देहरादून में बेरोजगारों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध की बुलंद आवाज आज हल्द्वानी में भी सुनाई दी। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज हल्द्वानी में राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
इस मौके पर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का पुतला दहन किया। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी ने राज्य सरकार पर बेरोजगारों की आवाज को लाठी के जोर पर दबाने का आरोप लगाया।
भुवन ने कहा राज्य सरकार बेरोजगारों के लिए रोजगार के अवसर तो नहीं पैदा कर रही। बल्कि उनको हक मांगने से रोका जा रहा है और बेरोजगार युवाओं पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। लाठी चार्ज की निंदा करते हुए भवन ने कहा यूथ कांग्रेस राज्य के हर बेरोजगार के साथ खड़ी है। बेरोजगारों की रोजगार की लड़ाई में यूथ कांग्रेस युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।