देहरादून। जिले की पुलिस के हत्थे दो लाख का ईनामी बदमाश चढ़ा है। इसके साथ ही पुलिस ने इसके तीन सहयोगियों को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। ईनामी बदमाश का नाम हरसिमरन दीप उर्फ सिम्मी है। सिम्मी पंजाब का मोस्ट वांटेड है। पंजाब पुलिस को इसकी तलाश पिछले कई सालों से थी। 2014 में पहली हत्या करने वाले सिम्मी ने पांच महीने पहले भी हत्या की एक वारदात को अंजाम दिया है। सिम्मी के ऊपर पांच हत्याओं के आरोप हैं। सिम्मी बेहद शातिर हत्यारा माना जाता है।
शनिवार की शाम पंजाब और उत्तराखंड पुलिस को सूचना मिली कि सिम्मी देहरादून के राजेंद्र नगर इलाके में एक घर में मौजूद है। पुलिस को इनपुट मिले थे कि उसके साथ कुछ और बदमाश भी घर में मौजूद हैं। सटीक मुखबिरी के आधार पर पंजाब और उत्तराखंड पुलिस की हथियारबंद ज्वाइंट टीम ने पूरे घर को घेर लिया। पुलिस ने सिम्मी को सरेंडर के लिए कहा लेकिन सिम्मी ने पुलिस पर फायरिंग शुरु कर दी। पंद्रह मिनट की फायरिंग के बाद पुलिस ने सिम्मी के गिरेबान पर हाथ डाल दिया। इसके साथ ही पुलिस ने मौके पर मौजूद तीन अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया।
वहीं सिम्मी की गिरफ्तारी जिस घर से हुई है उनका नाम हरीश भाटिया बताया जा रहा है। वो भाजपा के कार्यकर्ता हैं। बताया जा रहा है कि इस घर में पिछले कई दिनों से संदिग्ध लोगों की आवाजाही बनी हुई थी।