नैनीताल (मोहम्मद यासीन):- उत्तराखंड के प्रमुख पसंदीदा पर्यटन स्थल नैनीताल की नैनीझील में आज से सैलानी नौकायन का आनंद ले सकेंगे। सरोवर नगरी नैनीताल की नैनीझील में वैश्विक महामारी कोरोना के कारण पिछले 5 महीनों से नौकायन बन्द था। आज लम्बे वक्त के बन्द के बाद नौकायन की शुरूआत हो गई है। पर्यटकों ने झील में बोटिंग का लुफ्त उठाया। हालांकि इस दौरान प्रशासन द्वारा बनाए गए नियमों का पालन करना अनिवार्य किया गया। नौकायन के दौरान पहनी जाने वाली लाइफ जैकेट को सेनीटाइज करने की व्यवस्था भी की गई है। झील में वर्तमान में 222 चप्पू वाली और लगभग एक सौ पैडल वाली नाव हैं। सभी नाविकों का रोजगार बीते पांच महीने से बंद पड़ा था, लेकिन आज से बोटिंग शुरू हो जाने से नाव स्वामियों में खुशी का माहौल है। हालांकि इस दौरान कई नाव खराब हुई है जिनकी मरम्मत का कार्य चल रहा है। पर्यटकों का मन मोह लेने वाली नैनीझील में पर्यटकों का बोटिंग करने का सपना अब पूरा हो पाएगा। इसके लिए प्रशासन ने अपने कुछ नियम बनाए हैं। जिसमें चप्पू वाली नाव में एक बच्चा और दो वयस्क, इसके अलावा पैडल वाली नाव में 2 और 4 लोग बैठकर नौकायन का आनंद ले सकेंगे।