चम्पावत: चम्पावत जिले के लधियाघाटी में रीठासाहिब के एक गांव में कक्षा पांच की छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दुष्कर्म की घटना को अंजाम किसी और ने नहीं, बल्कि प्राथमिक विद्यालय में पढ़ाने वाला शिक्षक है। शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है। शिक्षक ने छात्रा को पहले स्कूल में बुलाया और फिर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इस घटना ने एक बार फिर से देवभूमि को शर्मसार किया है।
पीड़ित छात्रा की मां की तहरीर पर रीठासाहिब पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आईपीसी की धाराओं के साथ ही शिक्षक के खिलाफ पाक्सो अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार आरोपी शिक्षक स्कूल परिसर में ही रहता था। आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया जाएगा। घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश बना हुआ है। लोगों ने शिक्षक को खुद ही सजा देने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे पहले ही गिरफ्तार कर लिया।