देहरादून: नौकरी से निकाले गए 108 इमरजेंसी सेवा के कर्मचारियों को प्रदर्शन जारी है। कर्मचारी नए कंपनी में समान वेतन पर समायोजन की मांग कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर सरकार भी झुकने को तैयार नजर नहीं आ रही है। इस लड़ाई में कौन जीतेगा। यह तो समय ही बताएगा, लेकिन फिलहाल 108 कर्मचारियों के बच्चे और परिवार के दूसरे सदस्य भी सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने की तैयारी में हैं।
नौकरी से निकाले गए 108 के कर्मचारियों का परेड ग्राउंड में प्रदर्शन जारी है। परेड ग्राउंड से पैदल चलकर जिलाधिकारी कार्यालय में सैकड़ो की तादाद में 108 कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों को कांग्रेस ने भी समर्थन दिया। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना भी प्रदर्शन में मौजूद रहे।
717 से अधिक कर्मचारी बेरोजगार हो कर अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं। कर्मचारियों की मांग नई कंपनी में समान वेतन के साथ समायोजन की है। 108 कर्मचारी यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अगर जल्द हमारी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो कल से सभी कर्मचारी अपने परिवार के साथ परेड ग्राउंड में बैठकर प्रदर्शन करेंगे।