रुद्रपुर : क्वारंटाइन सेंटर में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ के मामले रुकने का नाम नही ले रहे है। ताजी घटना पंतनगर के क्वारंटाइन सेंटर की है। इससे पहले किच्छा और नैनीताल में भी महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं हो चुकी है। पंतनगर में छेड़छाड़ की शिकार युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला पंजीकृत कर लिया है, फिलहाल आरोपी फरार हो गया है।
दिनेशपुर निवासी एक युवती दिल्ली से 16 जून को जनपद में आई थीं। स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें पंतनगर विश्वविद्यालय के चितरंजन भवन में क्वारंटाइन में रखा गया है।
यहां पर महिला ने केशवपुर बहेड़ी निवासी अंश गुप्ता पुत्र मुकेश गुप्ता पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार गुरुवार सुबह करीब तीन बजे वो अपने कमरे में सोई हुई थी। इसी बीच अंश गुप्ता युवती के कमरे में गया और दरवाजा खटखटाने लगा। आवाज सुनकर उसने दरवाजा खोल दिया। पुलिस ने बताया कि अंश भी इसी भवन में क्वारंटाइन था। घटना के बाद से अंश मौके से फरार है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।