बड़े पर्दे पर धमाल मचा रही गढ़वाली फीचर फिल्म ‘जोना’, दर्शकों ने की तारीफ

देहरादून स्थित सेंट्रीओ मॉल में इन दिनों गढ़वाली फीचर फिल्म ‘जोना’ धमाल मचा रही है. बता दें ये फिल्म पहाड़ों में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी गंभीर समस्या पर आधारित है.
बड़े पर्दे पर धमाल मचा रही गढ़वाली फीचर फिल्म ‘जोना’
फिल्म में मुख्य अभिनेता अर्जुन चंद्रा एक एमबीबीएस डॉक्टर है जो अपने गांव में अपना घर और जमीन बेचकर शहर में नर्सिंग होम खोलने का सपना देखता है. लेकिन फिल्म की अभिनेत्री जोना (अनुष्का पंवार) से मिलने के बाद उसकी जिंदगी बदल जाती है. इन घटनाओं से उसका दिल बदल जाता है. जिसके बाद वह अपने शहर के मकान और जमीन बेच कर अपने गांव में एक चैरिटेबल अस्पताल बनाने का फैसला करता है ताकि गांव वालों को आजीवन स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें.
गढ़वाली लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी ने की कलाकारों के अभिनय की तारीफ
गढ़वाली लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी ने फिल्म की सराहना की है. उन्होंने कहा कि नए कलाकारों ने शानदार अभिनय किया है. फिल्म से समाज को एक अच्छा संदेश मिलेगा. खासकर उन लोगों को प्रेरणा मिलेगी जो पहाड़ों से पलायन कर चुके हैं. ‘जोना’ देखने आए दर्शकों ने फिल्म की तारीफ की है.
दर्शकों ने की फिल्म की सराहना
दर्शकों का कहना है कि फिल्म समाज को एक सकारात्मक संदेश देने की कोशिश कर रही है. दर्शकों का मानना है कि यह फिल्म लोगों को अपने गांवों में लौटकर वहां के विकास और समस्याओं को हल करने के लिए प्रेरित करेगी. फिल्म को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल है.