Rudraprayag News

केदारनाथ धाम पहुंचे गढ़वाल कमिश्नर और IG, व्यवस्थाओं को लेकर श्रद्धालुओं से लिया फीडबैक

केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को और अधिक सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय और गढ़वाल IG राजीव स्वरूप ने केदारनाथ धाम पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धाम क्षेत्र पर संचालित व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

केदारनाथ धाम में व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे गढ़वाल आयुक्त और IG

अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर यात्रा संबंधी कठिनाइयों और सुझावों की जानकारी ली। साथ ही मौके पर ही उनके समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा शासन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।

गढ़वाल कमिश्नर ने की टोकन व्यवस्था की समीक्षा

विनय शंकर पांडेय ने बाबा केदार के दर्शन के लिए लागू टोकन व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित और कतारबद्ध तरीके से ही दर्शन कराए जाएं। बिना टोकन पर्ची के किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अराजकता को सख्ती से रोका जाए। साथ ही इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती निरंतर सुनिश्चित रखी जाए।

धाम क्षेत्र से नियमित बर्फ हटाने के दिए निर्देश

स्वच्छता व्यवस्थाओं पर विशेष जोर देते हुए आयुक्त ने शौचालयों की नियमित सफाई, पेयजल की उपलब्धता और पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने और धाम क्षेत्र में हो रही बर्फबारी के चलते फिसलन वाले स्थानों पर नियमित रूप से बर्फ हटाने के भी निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे।

ये भी पढ़ें: चारधाम यात्रा में बदइंतजामी! केदारनाथ यात्रा पर आए बुजुर्ग की मौत, मदद को तरसता परिवार

संवेदनशील स्थलों पर पुलिस को दिए निगरानी रखने के निर्देश

सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आईजी गढ़वाल ने धाम क्षेत्र और यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण प्रणाली और आपातकालीन सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थलों पर सतत निगरानी रखी जाए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

हेली सेवाओं की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

गढ़वाल कमिश्नर ने हेली सेवाओं की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। साथ ही हेलिपैड पर यात्रियों की सुविधा, संचालन व्यवस्था और सुरक्षा उपायों की समीक्षा की। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, आवास, भोजन और गैस सिलेंडर जैसी आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता का भी जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को सेवाएं निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें